
अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई क्षति हेतु राहत राशि वितरण
प्राकृतिक खेती अपनाएं किसान, उर्वरकों का मितव्ययिता से करें उपयोग- कलेक्टर
कलेक्टर ने किया किसानों से संवाद
सागर 08 अगस्त 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई विभिन्न क्षतियों जैसे जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति एवं अन्य क्षति के लिये प्रभावितों को सिंगल क्लिक के माध्यम से राहत राशि वितरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राहत राशि वितरित की और हितग्राहियों से चर्चा भी की। कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी सभाकक्ष में कलेक्टर संदीप जी आर की उपस्थिति में राहत राशि वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव सहित प्रभावित नागरिक एवं अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर संदीप जी आर ने बताया कि जिले में मानसून काल वर्ष 2025 में प्राकृतिक आपदा एवं अतिवृष्टि, बाढ़ से हुई क्षति के प्रभावितों को राहत राशि वितरित की गई। आज जिले 104 प्रभावितों को 3330001 की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा सिंगल के क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
कलेक्टर संदीप जी आर ने इस अवसर पर एनआईसी सभाकक्ष में उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए उनसे उनकी फसल के बारे में एवं उन्हें मिलने वाले यूरिया, डीएपी एवं खाद उर्वरक के बारे में जानकारी ली। किसानों द्वारा बताया गया कि इस बार उनकी सोयाबीन और मक्का की फसल अच्छी है। कलेक्टर के पूंछने पर किसानों ने बताया कि उन्हें यूरिया, खाद उर्वरक आवश्यकतानुसार मिला है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती के बारे में पूंछा एवं बताया कि कैसे प्राकृतिक खेती करके वह अपनी खेती की लागत को कम कर सकते हैं और अपनी खेती से अच्छा उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से उनके फसलों के लिए सिंचाई के साधनों की उपलब्धता की जानकारी भी ली। कलेक्टर संदीप जी आर ने किसानों से संवाद करते हुए जिले के किसानों के प्राकृतिक खेती करने एवं फसल में रासायनिक उर्वरकों का मितव्ययिता से उपयोग करने की भी अपील की।











