NHAI में ‘नये नटवरलाल’ का खेल!M.Tech की परीक्षा और NHAI ड्यूटी एक साथ? सागर PIU में तैनात आर.ई. पर गंभीर सवाल

NHAI में ‘नये नटवरलाल’ का खेल!
M.Tech की परीक्षा और NHAI ड्यूटी एक साथ? सागर PIU में तैनात आर.ई. पर गंभीर सवाल
सागर। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के सागर PIU से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईवे इंजीनियरिंग कंसल्टेंट में रेजिडेंट इंजीनियर (R.E.) के पद पर कार्यरत अशोक कुमार उपाध्याय पर ऐसे आरोप लगे हैं, जिनके बाद उन्हें लोग “नये नटवरलाल” के नाम से चर्चा में लेने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अशोक कुमार उपाध्याय ने जून 2023 में महाकौशल विश्वविद्यालय, जबलपुर से M.Tech की डिग्री प्राप्त की। विवाद की जड़ दिसंबर 2022 में आयोजित तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं हैं। दस्तावेजों के अनुसार, उस दौरान उन्होंने दो थ्योरी और दो प्रैक्टिकल परीक्षाओं में हिस्सा लिया था।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस अवधि में परीक्षाएं चल रही थीं, उसी समय NHAI के उपस्थिति रजिस्टर में उनकी नियमित मौजूदगी भी दर्ज बताई जा रही है। यानी रिकॉर्ड यह संकेत देते हैं कि वे एक ही समय में दो अलग-अलग जगहों पर मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित उपस्थिति की सत्यापित कॉपी बिल भुगतान प्रक्रिया में भी उपयोग की गई, जिससे मामला और अधिक गंभीर माना जा रहा है। यदि दस्तावेज सही पाए जाते हैं, तो यह सिर्फ विभागीय अनियमितता नहीं बल्कि रिकॉर्ड में हेरफेर का मामला भी बन सकता है।
जब इस संबंध में अशोक कुमार उपाध्याय से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने बेटे राकेश की शादी में शामिल होने तक से इनकार किया, जबकि शादी कार्ड में 13 फरवरी 2025 को तिलक, 18 फरवरी को विवाह और 20 फरवरी को वधु आगमन कार्यक्रम का उल्लेख है।
वहीं, NHAI के वरिष्ठ अधिकारियों से जवाब लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इससे विभागीय मिलीभगत की आशंकाएं भी तेज हो गई हैं।
सूत्रों का दावा है कि सड़क निर्माण कार्यों के दौरान भी अशोक कुमार उपाध्याय से जुड़े कई अन्य विवादित मामलों की जानकारी सामने आ रही है, जिनका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकता है।
फिलहाल यह मामला सागर में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि NHAI और संबंधित एजेंसियां इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराती हैं या नहीं।

Leave a Comment

Read More