
कारगिल विजय दिवस पर अग्रणी कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने उकेरी सैनिकों के शौर्य और बलिदान की गाथा
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का विषय ‘कारगिल विजय दिवस 1999’ रखा गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, देश की सीमा सुरक्षा के प्रति सजगता तथा भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना था। प्रतियोगिता में 14 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कारगिल युद्ध में भारतीय वीर जवानों के पराक्रम और बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि “कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति अतुलनीय समर्पण का प्रतीक है। हमारे वीर जवानों का बलिदान हमें यह सीख देता है कि हम सभी को अपने-अपने क्षेत्र में निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।”
निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता में भूपेंद्र प्रजापति ने प्रथम, गुलाब बाई अहिरवार ने द्वितीय तथा देवेश पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित महाविद्यालयीन मुख्य समारोह में अतिथियों द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अभिलाषा जैन एवं डॉ. राखी गौर ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्वतजन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











