
महापौर ने वृंदावन वार्ड में जलभराव स्थल का किया निरीक्षण
सागर, 31 जुलाई 2026। शुक्रवार को पिछले कई दिनों से स्थानीय निवासियों द्वारा प्राप्त शिकायत की जमीनी जानकारी लेने हेतु महापौर संगीता सुशील तिवारी ने वृंदावन वार्ड की श्रीराम कॉलोनी स्थित गायत्री माता मंदिर के पीछे वाली गली में जलभराव की स्थिति का नगर निगम अमले के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यपालन यंत्री श्री जितेंद्र गुप्ता को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने बताया कि गली में निर्मित सीसी सड़क के लेवल में सुधार की आवश्यकता है। इस पर महापौर श्रीमती तिवारी ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत महापौर तिवारी ने वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी के साथ क्षेत्र के रहवासियों से आत्मीय रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। इसी क्रम में वे स्थानीय निवासी श्री अजय तिवारी के निवास पर पहुंचीं और परिवार के वरिष्ठजनों से भेंट कर उनका हालचाल जाना।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य संगीता शैलेश जैन भी महापौर के साथ उपस्थित रहीं। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी निरीक्षण में मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों में मुकेश यादव, श्री अरविंद तिवारी, माखनलाल ठाकुर, विपिन अग्रवाल, मदन सोनी, अमित तिवारी, संजू नेमा, एम.के. पटेल, नीरज ठाकुर, राजेंद्र वर्मा, श्री राजेश तिवारी तथा अभिषेक चौरसिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।











