दतिया में कांग्रेस की जीत पर देवरी में निकली विजय रैली, लगे जीत के जोशीले नारे

दतिया में कांग्रेस की जीत पर देवरी में निकली विजय रैली, लगे जीत के जोशीले नारे

देवरी। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को देवरी नगर में पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय रैली निकालकर उत्साहपूर्वक जीत का जश्न मनाया। दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
विजय रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मुख्य चौराहे तक पहुँची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर “विजय कांग्रेस”, “दतिया अभी झांकी है, मध्यप्रदेश पूरा बाकी है” जैसे जोशीले नारे लगाए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
मुख्य चौराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और कांग्रेस की जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि दतिया की जनता ने विकास, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह जीत आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्साह और उत्सव का माहौल बना रहा।

Leave a Comment

Read More