
सागर में मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई: 110 वाहन चालकों पर चला डंडा, ₹1.30 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला
सागर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रविवार को सागर में न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए 110 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की और ₹1,30,700 का समन शुल्क वसूल किया।
यह विशेष अभियान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) श्रीमती नेहा बंसल, रजिस्ट्रार एवं जेएमएफसी श्री प्रीतम बंसल, जेएमएफसी श्री रोहित शर्मा और जेएमएफसी श्रीमती शिखा चतुर्वेदी की उपस्थिति में सिविल लाइन चौराहा स्थित पम्मा साहू कॉम्प्लेक्स के सामने आयोजित किया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा संचालित किया गया।
जांच के दौरान उन वाहन चालकों पर विशेष कार्रवाई की गई, जिन्होंने वाहनों में अनधिकृत सायरन, हूटर, लाल-नीली बत्ती, ब्लैक फिल्म, वीआईपी स्टिकर और अवैध साइलेंसर लगा रखे थे। इसके अलावा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन नहीं कराने की समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।











