पारिवारिक विवाद में ससुर ने की बहू की हत्या, पुलिस मामले की जांच में जुटी

पारिवारिक विवाद में ससुर ने की बहू की हत्या, पुलिस मामले की जांच में जुटी

सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक बहू की कथित तौर पर उसके ससुर द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान सविता दीक्षित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सविता के पति देवेश दीक्षित बीएसएफ में पदस्थ हैं और ड्यूटी पर रहते हैं। सविता अपने सास-ससुर के साथ गायत्री नगर स्थित घर में रह रही थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर रामनरेश दीक्षित ने बहू के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं,आरोपी ससुर रामनरेश दीक्षित ने पूछताछ के दौरान अपना पक्ष भी रखा है। उनका कहना है कि घर में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना के समय घर में विवाद और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई थी। उनके मुताबिक बीच-बचाव के दौरान यह घटना हुई और उन्हें भी हाथ में चोटें आई हैं। हालांकि पुलिस आरोपी के इस बयान की भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया विवाद में महिला की मौत का मामला सामने आया है,पोस्टमार्टम रिपोर्ट,घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल अब मकरोनिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Read More