
‘सम्मान जो समाज के काम आए’ अभियान: अटाकार्नेलगढ़ में 205 विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, 28 को साइकिल वितरित
मालथौन। पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की पहल “सम्मान जो समाज के काम आए” के तहत ग्राम अटाकार्नेलगढ़ में विद्यार्थियों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में 205 विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, 28 छात्र-छात्राओं को साइकिल, 160 महिलाओं को साड़ियां, 150 जरूरतमंद परिवारों को कंबल, 90 लोगों को छाते तथा 20 परिवारों को चटाइयां प्रदान की गईं। साथ ही हनुमान मंदिर के लिए एक रामायण और 36 सुंदरकांड की पुस्तकें भी भेंट की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि समाज का वास्तविक सम्मान वही है, जो जरूरतमंदों के जीवन में उपयोगी सिद्ध हो। उन्होंने बताया कि भूपेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में माला और गुलदस्ते के स्थान पर समाजोपयोगी सामग्री भेंट करने की परंपरा शुरू की है, जिसे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल और अध्ययन सामग्री वितरित की जा रही है, ताकि वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सम्मान जो समाज के काम आए” अभियान केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त अभियान है।
कार्यक्रम में गोविंद सिंह नेगुवा, सिरनाम सिंह तोमर, राजेंद्र सिंह तोमर, पुष्पेंद्र सिंह तोमर, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह लोधी, जनपद उपाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।











