
विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विधायक लारिया का जोर
(मकरोनिया और कर्रापुर के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश)
सागर/08.08.2026; नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने शनिवार को नगर पालिका परिषद मकरोनिया एवं नगर परिषद कर्रापुर के विकास कार्यों की समीक्षा की। मकरोनिया नगर पालिका सभाकक्ष में हुई बैठक में उन्होंने चल रहे, लंबित एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की बिंदुवार जानकारी लेते हुए विकास कार्यों को गति देने और गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मकरोनिया के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान विधायक श्री लारिया ने रजाखेड़ी बजरिया, चौपाटी एवं स्टेडियम में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा इनमें आवश्यक गति लाने को कहा। उन्होंने नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए 10 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित गीता भवन के लिए उपयुक्त स्थान शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर के अन्य विकास एवं प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कर्रापुर नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा में विधायक श्री लारिया ने स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों तथा प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता और नागरिक हित को प्राथमिकता देते हुए लंबित कार्यों को गति देने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मकरोनिया नपाध्यक्ष मिहीलाल, सीएमओ पवन कुमार शर्मा,एमआईसी सदस्य, उपयंत्री एवं कर्रापुर नगर परिषद से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











