
शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 1.27 करोड़ की ठगी, चंडीगढ़ से आरोपी गिरफ्तार
सागर। शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 27 वर्षीय युवक से करीब 1.27 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में मोतीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरमिंदर सिंह को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से करीब 20 लाख रुपये की रिकवरी भी की गई है।
जानकारी के मुताबिक फरियादी को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। आरोपी के झांसे में आकर फरियादी ने अलग-अलग समय में कुल 52 ट्रांजैक्शन के माध्यम से करीब 1.27 करोड़ रुपये आरोपी को भेज दिए। इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए फरियादी ने करीब 90 लाख रुपये का लोन लिया, जबकि शेष राशि रिश्तेदारों और परिचितों से उधार ली थी।
रकम लेने के बाद जब फरियादी ने अपने पैसे और मुनाफे की राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर फरियादी ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
शिकायत के बाद मोतीनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश करते हुए उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से करीब 20 लाख रुपये की राशि बरामद की है। पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर ठगी की रकम और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाया हो सकता है। इसको लेकर पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।











