सागर हुआ तिरंगामय: हाथों में तिरंगा, सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

सागर हुआ तिरंगामय: हाथों में तिरंगा, सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा शहर, तिरंगे गुब्बारे छोड़कर भव्य यात्रा का शुभारंभ; राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता यामिनी मौर्य का हुआ सम्मान
सागर। बुधवार को सागर शहर देशभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। हाथों में तिरंगा, चेहरे पर राष्ट्रप्रेम का उत्साह और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष—शहर की सड़कों पर मानो देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने सहभागिता की।
तिरंगे गुब्बारे छोड़कर हुआ यात्रा का शुभारंभ
तीनबत्ती स्थित मिनिसिपल स्कूल से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया एवं लीगल राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन ने तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़कर यात्रा को रवाना किया।
जैसे ही गुब्बारे आसमान की ओर उठे, पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।
शहर की सड़कों पर दिखाई दिए तिरंगे ही तिरंगे
तिरंगा यात्रा तीनबत्ती स्थित मिनिसिपल स्कूल से प्रारंभ होकर गौर मूर्ति, जामा मस्जिद और राधा तिराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः जामा मस्जिद, नमक मंडी और वन-वे होते हुए मिनिसिपल स्कूल पहुंची, जहां मिष्ठान वितरण के साथ यात्रा का समापन किया गया।
पूरे यात्रा मार्ग पर तिरंगों की कतार दिखाई दी। केसरिया, सफेद और हरे रंग से शहर की सड़कें देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। छात्र-छात्राएं और युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।
राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता यामिनी मौर्य का सम्मान
तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर सागर का नाम रोशन करने वाली यामिनी मौर्य का सम्मान किया गया। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने यामिनी मौर्य को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
यामिनी के सम्मान के दौरान मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
हर वर्ग की सहभागिता ने यात्रा को बनाया भव्य
यात्रा में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक संगठनों की व्यापक भागीदारी रही। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा शहर गूंजता रहा।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सागरवासियों ने जिस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की, उससे पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन का उत्सव बन चुका है। स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
विधायक जैन ने यात्रा मार्ग में पुष्पवर्षा कर स्वागत करने वाले नागरिकों, छात्र-छात्राओं, विभिन्न संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं शहरवासियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “आज सागर की सड़कों पर लहराता प्रत्येक तिरंगा राष्ट्र के प्रति सागरवासियों के प्रेम और सम्मान की अभिव्यक्ति है।”
हर घर तक पहुंचे राष्ट्रप्रेम का संदेश: श्याम तिवारी
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज व्यापक जनअभियान का स्वरूप ले चुका है। यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि सागर जिले के हर घर, हर प्रतिष्ठान और जन-जन तक तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचे। हर घर पर लहराता तिरंगा केवल उत्सव का प्रतीक नहीं, बल्कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के प्रति प्रत्येक नागरिक के सामूहिक संकल्प की अभिव्यक्ति है।
चारों मंडलों से पहुंचे कार्यकर्ता
तिरंगा यात्रा का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल ने किया। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि सागर विधानसभा के चारों मंडलों से पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता निर्धारित एकत्रीकरण स्थलों से हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ यात्रा में शामिल होने पहुंचे।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, निकेश गुप्ता, जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार, राहुल वैद्य, सविता साहू, संध्या भार्गव, श्रीकांत जैन, अंशुल परिहार, अमित बैसखिया, नीरज यादव, मेघा दुबे, नीलम अहिरवार, राजू बडोनिया, देवेंद्र फुसकेले, नरेश यादव, पराग बजाज, धर्मेन्द्र खटीक, विशाल खटीक, प्रासुक जैन, नीलेश जैन, प्रणव कनौआ, निखिल अहिरवार, आकाश कोरी, अंशुल हर्ष, बालकिशन सोनी, रामेश्वर नेमा, सोनू उपाध्याय, नितिन सोनी, राहुल नामदेव, मनोज रैकवार, मनोज भाई जी, दीपक दुबे, सुनीता रैकवार, रश्मि कुशवाहा, सुबोध पाराशर, जुगल प्रजापति एवं विवेक सोधिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सागर की सड़कों पर लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों ने यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और सामूहिक संकल्प की पहचान है।

Leave a Comment

Read More