
नरयावली विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर विधायक लारिया ने कलेक्टर से की चर्चा
मकरोनिया एवं कर्रापुर में भूमि आवंटन सहित विभिन्न विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा, समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी किया विचार-विमर्श
सागर, 20 अगस्त 2026। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल से भेंटकर नरयावली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से मकरोनिया एवं कर्रापुर क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों तथा प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा हुई।
विधायक लारिया ने बताया कि मकरोनिया में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन संबंधी 11 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें मकरोनिया स्थित सहकारी गोदाम परिसर की भूमि पर नगर विकास एवं पुनर्धनीकरण (Redensification) योजना के अंतर्गत पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।
इसके साथ ही नगरपालिका परिषद मकरोनिया द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए भूमि आवंटन, दिव्यांग पार्क निर्माण, जनपद कार्यालय भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गई।
कर्रापुर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी विधायक श्री लारिया ने कलेक्टर से चर्चा की। नगर पंचायत कर्रापुर में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तुत आवेदनों तथा सीएम राइज स्कूल के लिए भूमि आवंटन के विषय को प्रमुखता से रखा गया। वहीं नरयावली क्षेत्र में प्रस्तावित 132/33 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि आवंटन तथा लव-कुश मंदिर के लिए स्वीकृत राशि से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई।
विधायक लारिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक भूमि आवंटन एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का शीघ्र निराकरण जरूरी है, ताकि जनहित से जुड़े कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो सकें।
समरसता कलश वंदन यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा
भेंट के दौरान आगामी समरसता कलश वंदन यात्रा को लेकर भी विधायक श्री लारिया एवं कलेक्टर प्रतिभा पाल के बीच विस्तृत चर्चा हुई। यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, सहभागिता तथा प्रशासनिक समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक लारिया ने यात्रा को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का व्यापक संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए इसकी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।











