महिला स्वावलंबन की दिशा में सार्थक पहल, रक्षाबंधन मेले में सजा स्वादिष्ट व्यंजनों का स्टॉल

स्वावलंबन की दिशा में सार्थक पहल, रक्षाबंधन मेले में सजा स्वादिष्ट व्यंजनों का स्टॉल
सागर। महिला उद्यमिता, स्वावलंबन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुभकामना परिवार, मकरोनिया द्वारा अंकुर कॉलोनी स्थित अंकुर बाल विद्यालय में दो दिवसीय रक्षाबंधन मेले का आयोजन किया गया। मेले में महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार से जोड़ने का मंच प्रदान किया गया।
मेले में “विदेशी छोड़ो, स्वदेशी अपनाओ” की भावना को प्रोत्साहित करते हुए मरुदेवी संभाग की सद्भावना शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि जैन ने स्वादिष्ट भारतीय व्यंजनों का स्टॉल लगाया। स्टॉल पर कटोरी चाट, कचौड़ी, केला समोसा, फुल्की, भेल सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध रहे।
श्रीमती रश्मि जैन द्वारा लगाए गए स्टॉल को मेले में आने वाले लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। आयोजकों एवं ग्राहकों ने व्यंजनों के स्वाद की सराहना करते हुए महिला स्वावलंबन की दिशा में किए जा रहे इस प्रयास की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला जी सिंघई, संभागीय अध्यक्ष श्रीमती शिवानी सिंघई सहित परिषद की अनेक बहनें स्टॉल पर पहुंचीं। उन्होंने व्यंजनों का आनंद लिया तथा रश्मि जैन के प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मेले के माध्यम से महिलाओं को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला, बल्कि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा भी मिली।
महिलाओं के हुनर को सम्मान, स्वावलंबन को पहचान और स्वरोजगार को नई उड़ान—इसी संदेश के साथ रक्षाबंधन मेले में रश्मि जैन का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Leave a Comment

Read More