
बीएमसी में छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात: आधुनिक सुविधाओं से लैस ई-लाइब्रेरी का हुआ शुभारंभ
सागर, 20अगस्त, 2026
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। महाविद्यालय में अध्ययनरत यूजी-पीजी मेडिकल छात्रों, पैरामेडिकल, नर्सिंग विद्यार्थियों और शोधार्थियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी सेवा की शुरुआत की गई है। एनआईसी द्वारा विकसित ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर के माध्यम से शुरू की गई इस नई व्यवस्था से कॉलेज में रिसर्च और शैक्षणिक गुणवत्ता को एक नया आयाम मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने कहा, ई-लाइब्रेरी के शुरू होने से बीएमसी के विद्यार्थियों को पढ़ाई और शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्लेटफॉर्म मिलेगा। अब छात्र एक क्लिक पर हजारों राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स, डिजिटल बुक्स और शोध-पत्र ऑनलाइन एक्सेस कर सकेंगे। एनआईसी का यह ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर बाजार के अन्य महंगे सॉफ्टवेयर की तुलना में काफी किफायती और आधुनिक है। विद्यार्थी अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप पर कहीं से भी इसे एक्सेस कर नवीन जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इसमें बुक इश्यू और सबमिट होने का मैसेज तुरंत ईमेल व मोबाइल पर पहुंचेगा, साथ ही 15 दिन की तय समयावधि समाप्त होने का अलर्ट भी स्वचालित रूप से प्राप्त होगा।
वहीं, मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया, “डिजिटल युग में मेडिकल शिक्षा को अपडेटेड रखना बेहद जरूरी है। यह ई-लाइब्रेरी हमारे छात्र-छात्राओं को दुनिया भर में हो रहे नवीनतम मेडिकल रिसर्च और अध्ययनों से सीधे जोड़ेगी। इससे न केवल उनके ज्ञान का दायरा बढ़ेगा, बल्कि बीएमसी में उच्च स्तरीय शोध कार्य को भी गति मिलेगी।
आयोजन के अवसर पर बीएमसी अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. रमेश पांडे, लाइब्रेरी प्रभारी अधिकारी डॉ. अमरनाथ गुप्ता, डॉ. शोभित तोमर, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. आशीष जैन, डॉ. देवेंद्र अहिरवार, डॉ. नीरज गोस्वामी, प्रशांत झारिया, नम्रता दुबे, अवधेश दुबे, रतिराम सिलावट, योगेश शर्मा, नीलेश जैन, सीता दुबे सहित बड़ी संख्या में बीएमसी स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











