सागर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्यवाही, शहर के बड़े मिष्ठान भंडारों पर पड़ा छापा

सागर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्यवाही, शहर के बड़े मिष्ठान भंडारों पर पड़ा छापा

सागर। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज रही है।

बुधवार को कटरा बाजार स्थित न्यू शुभम होटल में उपभोक्ता की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल से पनीर और दाल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले सिविल लाइन स्थित डॉमिनोज पिज्जा से भी पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा चुका है।

विभाग द्वारा न्यू ब्रिजवासी स्वीट्स, नंद रानी स्वीट्स और श्री बालाजी कृपा रेस्टोरेंट से भी शिकायतों के आधार पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 12 अगस्त को करिला स्थित वर्धमान फूड प्रोडक्ट्स पर छापामार कार्रवाई की गई थी। जांच में लाइसेंस में दर्ज पते से अलग स्थान पर कारोबार संचालित करने और चाय के लाइसेंस पर काजू की पैकेजिंग किए जाने का मामला सामने आया था। यहां से संजीवनी टी, वैदिक संजीवनी गुड लाइफ काजू और शक्ति टी के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य विभाग ने वैध लाइसेंस के अभाव में संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल संचालन बंद रखने का नोटिस दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Read More