
संकल्प फाउंडेशन की पहल से बारिश में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को मिली सुविधा
अध्यक्ष रिशांक तिवारी के साथ संकल्प फाउंडेशन के सदस्यों ने पटकुई बारारू के पीएम श्री स्कूल में बच्चों को छतरियां वितरित कर, बच्चों की शैक्षणिक एवं दैनिक जरूरतों पर किया संवाद
सागर। बरसात के मौसम में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी और उनकी दैनिक जरूरत को ध्यान में रखते हुए संकल्प फाउंडेशन ने शुक्रवार को पटकुई बारारू स्थित पीएम श्री स्कूल में छतरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी के नेतृत्व में फाउंडेशन की टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को छतरियां वितरित कीं। संकल्प फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को बारिश से बचाव का उपयोगी साधन उपलब्ध कराने के साथ उनके नियमित स्कूल आवागमन को सुविधाजनक बनाना था।
इसके साथ ही संकल्प फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, स्कूल आने-जाने की दिनचर्या और दैनिक आवश्यकताओं को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी टीम के सदस्यों के साथ अपनी पढ़ाई से जुड़े अनुभव साझा किए। वहीं फाउंडेशन के सदस्यों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों से भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं तथा बारिश के दौरान उन्हें होने वाली व्यावहारिक परेशानियों के संबंध में जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान छतरियां मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। विद्यार्थियों ने बताया कि बारिश के दिनों में स्कूल आते-जाते समय ये छतरियां उनके लिए उपयोगी साबित होंगी। इस सहयोग के लिए बच्चों और विद्यालय परिवार ने संकल्प फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने बताया कि हमारा संकल्प फाउंडेशन प्रत्येक सेवा कार्य को समय, स्थान और लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार, लोगों की मदद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में छतरी विद्यार्थियों के लिए केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि रोजाना स्कूल आने-जाने से जुड़ी एक आवश्यक सुविधा है और बच्चों की इसी जरूरत को समझते हुए फाउंडेशन ने पीएम श्री स्कूल में छतरियां वितरित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि, संकल्प फाउंडेशन का उद्देश्य ऐसा सहयोग उपलब्ध कराना है, जो लोगों के दैनिक जीवन में सीधे उपयोगी हो। उन्होंने बताया कि बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय पहुंचना, मौसम की कठिनाइयों से सुरक्षित रहना और बिना किसी असुविधा के अपनी पढ़ाई जारी रखना बेहद महत्वपूर्ण विषय है। रिशांक तिवारी ने कहा कि बच्चों की जरूरतों को समझने के लिए उनसे और उनके शिक्षकों से सीधा संवाद जरूरी है क्योंकि इसी संवाद से यह पता चलता है कि किस समय किस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि संकल्प फाउंडेशन भी इसी कार्यप्रणाली के साथ शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े क्षेत्रों में जनहितकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों से कहा गया कि वे पढ़ाई अथवा दैनिक जीवन से जुड़ी किसी भी समस्या को अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ साझा करें, ताकि समय रहते उसके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में पीएम श्री स्कूल के प्रधानाचार्य सतीश चंद्र पांडे, शिक्षिकाएं भारती तिवारी एवं संगीता खरे तथा संकल्प फाउंडेशन के सदस्य नीरज करोसिया, निष्कर्ष दुबे, कार्तिक जाटव, कमलेश नन्नू जाटव, शिवांक तिवारी, शुभम गौतम और अभिषेक राजपूत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











