
सागर, 21 अगस्त 2026। आगामी मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों को धार्मिक स्वरूप में ही रखा जाए और उन्हें किसी भी प्रकार का राजनीतिक रंग न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी जुलूस एवं धार्मिक आयोजन पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। त्योहारों के दौरान आतिशबाजी एवं शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समितियों से आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने त्योहारों से पहले नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम को प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं विद्युत विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आवश्यक स्थानों पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
डीजे की तेज आवाज पर रहेगी रोक
बैठक में निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन अनिवार्य किए जाने पर जोर दिया गया। तेज आवाज में डीजे एवं लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी।
खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चलित एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल तैनात रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।











