दलदल बनी स्कूल की सड़क पर छात्राओं ने रोपा धान, अनोखे प्रदर्शन से प्रशासन को जगाया

दलदल बनी स्कूल की सड़क पर छात्राओं ने रोपा धान, अनोखे प्रदर्शन से प्रशासन को जगाया
दो साल से बदहाल है विद्यालय मार्ग, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई; छात्राओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
देवरीकलां। सागर जिले के देवरी नगर से लगे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग पिछले करीब दो वर्षों से बदहाल है। बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है।
विद्यालय आने-जाने में छात्राओं और शिक्षकों को हो रही परेशानी के विरोध में छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के साथ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में जमा पानी के बीच धान के पौधे रोपकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।
‘सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क नजर आ रही’
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने कहा कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह कच्चा है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा हो जाता है। कीचड़ और पानी से होकर स्कूल पहुंचने के कारण छात्राओं की ड्रेस खराब हो जाती है और हादसे का खतरा भी बना रहता है।
छात्राओं का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और प्रशासन को लिखित शिकायत एवं ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
दो साल से सड़क की यही स्थिति
कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। सड़क निर्माण के लिए कई बार ग्राम पंचायत को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो छात्राएं विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
वहीं छात्रा मसीरा खान ने बताया कि बारिश होते ही सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। छात्राओं को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है और उनकी स्कूल ड्रेस तक खराब हो जाती है। इसी समस्या को लेकर गड्ढों में धान रोपकर विरोध जताया गया है।
शिक्षक भी परेशान
विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान कच्चे मार्ग पर पानी और कीचड़ भर जाने से छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी परेशानी होती है। करीब दो वर्ष पहले विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी सड़क की समस्या को लेकर लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सरपंच का फोन बंद
मामले में ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की सरपंच मोनू पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। जिसके चलते उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
एसडीएम बोले—जल्द कराएंगे सड़क ठीक
मामले को लेकर देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने कहा कि विद्यालय मार्ग की समस्या और छात्राओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ग्राम पंचायत से चर्चा कर सड़क को ठीक कराने की कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि छात्राओं के इस अनोखे प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार विभाग और ग्राम पंचायत कब तक सड़क की सुध लेते हैं और विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को इस दलदल भरे रास्ते से राहत मिलती

Leave a Comment

Read More