
132/33 केवी नवीन उपकेंद्र की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने एमपीईबी अधिकारियों के साथ की विद्युत समस्याओं की समीक्षा
सागर, 22 अगस्त 2026। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मकरोनिया स्थित एमपीईबी के बैठक कक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ नरयावली विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था एवं लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा प्रस्तावित विद्युत अधोसंरचना के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 132/33 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति प्रक्रिया को विधायक लारिया ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत आवश्यकता को देखते हुए नवीन उपकेंद्र की स्थापना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य में बढ़ते लोड के अनुरूप बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
विधायक ने कहा कि मजबूत विद्युत अधोसंरचना क्षेत्र के विकास की बुनियादी आवश्यकता है। जहां नई अधोसंरचना की जरूरत है, वहां प्रस्तावों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाए और लंबित विभागीय प्रक्रियाओं को समय-सीमा में पूरा किया जाए।
बैठक में मकरोनिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 रानी दुर्गावती वार्ड में ग्रामीण फीडर से जुड़ी विद्युत व्यवस्था को नगर फीडर से जोड़ने, कर्रापुर नगर परिषद परिसर में एयरटेल कंपनी द्वारा लगाए गए ट्रांसफार्मर के कारण प्रभावित हो रहे दुकानों के निर्माण कार्य को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा कर्रापुर की विद्युत आपूर्ति एवं अधोसंरचना सुधारने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा ग्राम चांदामऊ में कृषि उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन, रजौआ एवं बदौना में बार-बार बिजली कटौती, हनौता परीक्षित भालेरा टोला के 20 से 25 परिवारों को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति तथा हनौता परीक्षित में आदिवासी किसानों के स्थायी कनेक्शन के लिए विद्युत पोल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
ग्राम मोठी के अनुसूचित जाति मोहल्ले की केबिल बदलने, पुराने टोल नाका फोरलेन के पास रामा पटेल के मकान के समीप डीपी स्थापित करने तथा जरारा, पाटन, लोटना, लोटनी और बेरखेड़ी गोपाल गांवों में समयबद्ध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विधायक लारिया ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी विद्युत समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा विद्युत शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में मुख्य अभियंता देवतराम यमदे, अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर, कार्यपालन अभियंता सागर प्रदीप कुमार साहू, बंडा मरकाम, खुरई मोहन सुलया, विकास कुमार मिश्रा, आर.के. अरजरिया, निखिल गुप्ता, विजय पटेल, पार्षद जितेंद्र सिंह और प्रशांत अहिरवार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











