
संकल्प फाउंडेशन ने श्री झूलेलाल उद्यान में लगाए 30 पौधे
मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय समाजजन करेंगे पौधों की नियमित देखरेख
सागर। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से संकल्प फाउंडेशन द्वारा रविवार को संत कंवरराम वार्ड स्थित श्री झूलेलाल उद्यान में स्थानीय नागरिकों एवं श्री झूलेलाल मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के 30 पौधे लगाए गए, जिनमें फलदार पौधे भी शामिल रहे। लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी श्री झूलेलाल मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय सिंधी समाजजनों ने ली।
संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। फाउंडेशन का उद्देश्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को सुरक्षित रखते हुए उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना हमारा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि श्री झूलेलाल उद्यान में लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय समाजजनों द्वारा लिया जाना इस अभियान को और अधिक सार्थक बनाएगा।
पार्षद प्रतिनिधि कैलाश हासानी ने संकल्प फाउंडेशन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रिशांक तिवारी के नेतृत्व में फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार सराहनीय कार्य किया जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण के माध्यम से न केवल हरियाली बढ़ाई जा रही है, बल्कि नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्यान में लगाए गए सभी 30 पौधों की सुरक्षा और नियमित देखरेख मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय सिंधी समाजजनों द्वारा की जाएगी।
अनिल लालवानी ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक है, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। संकल्प फाउंडेशन की पहल और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से उद्यान की हरियाली बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
वहीं रिशांक तिवारी ने शहरवासियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नागरिक अपने आसपास ऐसे स्थानों की जानकारी दें, जहां पौधे लगाए जा सकते हैं। फाउंडेशन वहां पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पौधारोपण करेगा। उन्होंने कहा कि शहर को हरा-भरा बनाने के इस संकल्प में जुड़ने वाले प्रत्येक नागरिक का स्वागत है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि कैलाश हासानी, अनिल लालवानी, सुरेश हशरेजा, सुशील लेहरवानी, आनंद पंजवानी, जगदीश शर्मा, बंटू सोनवानी, शुभम नामदेव, नमन चौबे, कार्तिक जाटव, हेमांशु साहू, शिवांक तिवारी, चंद्रेश अहिरवार और अभिषेक राजपूत सहित संकल्प फाउंडेशन एवं श्री झूलेलाल मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।











