
सागर। सोशल मीडिया पर देसी कट्टा के साथ फोटो-वीडियो साझा कर फायरिंग करने और लोगों में भय का माहौल बनाने वाले आदतन आरोपी को थाना कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान कैंट पुलिस को एक युवक द्वारा देशी कट्टे के साथ फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की जानकारी मिली।
सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री की जांच के बाद युवक की पहचान शुभम पटेल पिता डालचंद्र पटेल, निवासी चंद्रशेखर वार्ड, सागर के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाश कर कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से .315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
सागर पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के प्रदर्शन, आपत्तिजनक पोस्ट और अपराध को बढ़ावा देने वाली सामग्री पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से दहशत फैलाने या आपराधिक छवि बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह में कैंट पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई
थाना कैंट पुलिस ने एक ही सप्ताह में दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले अथवा संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार, आमजन की सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक माधव, प्रधान आरक्षक खूबसिंह, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी, भानु एवं थाना कैंट पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











