37 वर्षों की गौरवशाली पुलिस सेवा के बाद IG मिथिलेश कुमार शुक्ला को भावभीनी विदाई


सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन  मिथिलेश कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर सागर पुलिस द्वारा गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशासनिक, पुलिस एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सागर एवं दमोह जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने  शुक्ला के लगभग 37 वर्षों के गौरवशाली सेवाकाल, कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता, अनुशासनप्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने विभिन्न चुनौतीपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा और प्रतिष्ठा को निरंतर ऊंचा किया।
DSP से IG तक निभाईं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
मिथिलेश कुमार शुक्ला ने 01 अक्टूबर 1989 को DSP के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने शिवपुरी, दंतेवाड़ा, हरदा, बड़ामलहरा, बालोद, कोरबा और सेंधवा में SDOP/ASP के रूप में सेवाएं दीं।
इसके बाद उन्होंने रीवा, नरसिंहपुर, सिवनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, सतना, कटनी और होशंगाबाद सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाली। वहीं जबलपुर, रीवा, भोपाल और ग्वालियर में DIG/IG जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दीं।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी हुए सम्मानित
श्री शुक्ला की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए।
2004 – राज्यपाल पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री पुरस्कार
2014 – सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक
2026 – विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक
सौम्य व्यवहार और कुशल नेतृत्व की सराहना
विदाई समारोह में अधिकारियों ने उनके निर्णय लेने की क्षमता, कठिन परिस्थितियों में धैर्यपूर्ण नेतृत्व, अधीनस्थों को प्रेरित करने की शैली और कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता की विशेष प्रशंसा की।
समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शुक्ला को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय दायित्वों से विराम है, लेकिन समाज और राष्ट्र के प्रति सेवाभाव कभी सेवानिवृत्त नहीं होता।  शुक्ला की कार्यशैली और अनुभव आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों के लिए लंबे समय तक प्रेरणास्रोत रहेंगे।
सागर पुलिस परिवार ने IG  मिथिलेश कुमार शुक्ला को उनकी गौरवशाली सेवाओं के लिए हार्दिक नमन करते हुए भावभीनी विदाई दी।

Leave a Comment

Read More