
सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली शराब निर्माण और सप्लाई का पर्दाफाश
बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में 16 आरोपी गिरफ्तार, नकली सागर गोल्ड शराब बनाने की सामग्री बरामद
सागर, 9 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बंडा एवं थाना विनायका में दर्ज मामलों में पुलिस ने कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अवैध शराब के निर्माण और विभिन्न गांवों में सप्लाई किए जाने की कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान दोनों मामलों में कुल 252.12 लीटर शराब जब्त की गई। थाना बंडा के प्रकरण में 62.40 लीटर तथा थाना विनायका के प्रकरण में 189.72 लीटर शराब बरामद की गई।
नकली सागर गोल्ड शराब बनाने की सामग्री बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत निवासी ततरवारा, थाना बंडा के बाड़े तथा एक आरोपी के मक्का के खेत से बड़ी मात्रा में नकली शराब बनाने की सामग्री बरामद की। इसमें 164 सागर गोल्ड कंपनी एवं प्लेन मदिरा के खाली क्वार्टर, 27 लीटर अमानक शराब, करीब 170 ढक्कन, 150 लेबल, शराब मापने का यंत्र, फेवीकोल, टेप, ब्लेड, शराब भरने की छोटी-बड़ी दो चुग्गी तथा 11 कार्टून के गत्ते शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत के कब्जे से विनायका थाना प्रकरण में 147.60 लीटर शराब बरामद की गई। वहीं थाना बंडा प्रकरण में आरोपी जुझार सिंह लोधी से 43.20 लीटर शराब जब्त की गई।
इस तरह तैयार की जाती थी नकली शराब
पुलिस जांच के अनुसार बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के संपर्क में रहने वाले शिवान्जय राजपूत के माध्यम से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मनीष लोधी के संपर्क में अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा भी था।
पुलिस के अनुसार रवि लखेरा से शराब बनाने का तरीका सीखने के बाद जन्माष्टमी से दो दिन पूर्व ततरवारा निवासी चन्द्रभान राजपूत के मक्का के खेत में स्प्रिट, बारदाना, रेपर आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई। यहां चन्द्रभान राजपूत, शिवान्जय और मनीष लोधी द्वारा करीब 50 पेटी नकली शराब को सागर गोल्ड के नाम से तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
तैयार शराब को ग्राम नौराज, गूगरा, पाटन, छापरी तथा आसपास के गांवों में सेल्समैन के माध्यम से सप्लाई किए जाने की जानकारी पुलिस को पूछताछ में मिली है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जानकारी मिलने पर चन्द्रभान उर्फ चंदू और उसके परिजनों ने अवैध शराब तथा निर्माण सामग्री को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया था।
थाना बंडा प्रकरण क्रमांक 658/26 में गिरफ्तार आरोपी
मनोहर पिता गुलझार लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा
दिनेश पिता गुलाबसिंह लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा
जुझार पिता बिजेंद्र सिंह लोधी, उम्र 43 वर्ष, निवासी नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा
राजा पिता आचार सिंह लोधी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम गूगरा, चौकी गूगरा, थाना बंडा
अनिकेत पिता जाहरसिंह गंधर्व, उम्र 27 वर्ष, निवासी गंभीरिया, थाना मकरोनिया
रविन्द्र पिता पहाड़ सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बसगोई, थाना कोतवाली, जिला टीकमगढ़
आकाश पिता चन्द्रभान राय, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सौरई, थाना मड़ावरा, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश
गोविन्द्र पिता गुलझार लोधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, थाना बंडा
थाना विनायका प्रकरण क्रमांक 98/26 में गिरफ्तार आरोपी
अरविन्द पिता आशाराम यादव, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका
भगवान सिंह पिता देवीसिंह लोधी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका
मानसिंह पिता बिहारी अहिरवार, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका
चन्द्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारका सिंह राजपूत, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम ततरवारा, थाना बंडा
धर्मेन्द्र पिता भुजबल राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम ततरवारा, चौकी गूगरा, थाना बंडा
सोहन पिता उमराव राजपूत, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ततरवारा, चौकी गूगरा, थाना बंडा
रोहित पिता उत्तम शिवहरे, उम्र 24 वर्ष, निवासी महाराजा कॉलेज के सामने, छतरपुर, थाना कोतवाली, जिला छतरपुर
राघवेन्द्र पिता सोहन राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ततरवारा
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं—
संदीप लोधी उर्फ यशवंत सिंह ठाकुर, निवासी बंडा
रवि लखेरा पिता सुरेश लखेरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम महेवा, जिला छतरपुर
शिवान्जय राजपूत, निवासी छापरी, थाना बंडा, जिला सागर
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार रवि लखेरा अंतरराज्यीय शराब तस्कर है, जिसके विरुद्ध करीब 25 अपराध दर्ज बताए गए हैं। वर्ष 2025 में उसके विरुद्ध थाना बहेरिया, जिला सागर में भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था।
चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत के विरुद्ध भी 5 अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के विरुद्ध भी कई अपराध दर्ज बताए गए हैं, जिनमें शराब तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी पर इनाम घोषित
बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत लोधी तथा रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरुद्ध भी अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।











