नगरीय निकाय उप निर्वाचन आगामी आदेश तक स्थगित

नगरीय निकाय उप निर्वाचन आगामी आदेश तक स्थगित
सागर, 08 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्ध) को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। उप निर्वाचन की नई तिथि आयोग द्वारा आगामी आदेश में पृथक से जारी की जाएगी।
आयोग के आदेश के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वर्तमान में वर्षा ऋतु तथा संभावित आपदा एवं राहत कार्यों के कारण राजस्व एवं पुलिस प्रशासन राहत और आपदा संबंधी कार्यों में लगातार संलग्न है।
इसके साथ ही जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति, आगामी त्योहारों और वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) द्वारा स्थानीय निकायों के उप निर्वाचन कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का अनुरोध आयोग से किया गया था।
प्राप्त प्रस्तावों पर विचार करने के बाद आयोग ने नगरीय निकाय उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्ध) को आगामी आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश नगरपालिका निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 23 सहपठित नियम 11-क के तहत उप निर्वाचन कार्यक्रम को नए सिरे से री-शेड्यूल किया जाएगा।

Leave a Comment

Read More