विश्वविद्यालय: हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने व्यक्त किए भारतीय भाषाओं और विकसित भारत के प्रति विचार

विश्वविद्यालय: हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने व्यक्त किए भारतीय भाषाओं और विकसित भारत के प्रति विचार

सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के माननीय कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में केन्द्रीय राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित हिंदी माह–2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों हेतु हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “भारतीय भाषाएँ, राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं विकसित भारत–2047” रखा गया।
प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारतीय भाषाओं की विविधता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 में मातृभाषा एवं भारतीय भाषाओं के महत्व तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में भाषा एवं शिक्षा की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से भारतीय भाषाओं को ज्ञान, संस्कृति, नवाचार और राष्ट्रीय विकास से जोड़ते हुए भाषा के व्यापक महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर हिंदी माह के संयोजक श्री संतोष सोहगौरा, संयुक्त कुलसचिव एवं राजभाषा अधिकारी (प्र.) ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग केवल राजभाषा के प्रति दायित्व नहीं, बल्कि अपनी भाषायी विरासत के प्रति सम्मान भी है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे हिंदी में कार्य करने के साथ-साथ अपने विचारों और अनुभवों को हिंदी में अभिव्यक्त करने की निरंतर पहल करें।
प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. आर.टी. बेद्रे रहे तथा निर्णायक के रूप में डॉ. संजय नाइनवाड ने प्रतिभागियों के निबंधों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में डॉ. संध्या बोहरे, श्रीमती प्रियंका वॉल्टर, हर्ष तिवारी, प्रज्ञा गौर, रितु ठाकुर, अमन जैन, नितिन चढ़ार, डॉ. निकलेश कुमार, बालचंद बौद्ध, प्रियंका भदौरिया, नीतेश जैन, प्रभांशु तिवारी, अभिनव अग्निहोत्री, अनस खान, प्रभांशु बांगर, मनोज कुमार कावड़े एवं अभिजीत देब सहित विभिन्न विभागों-अनुभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित की। विशेष सहयोग राजभाषा प्रकोष्ठ के अभिषेक सक्सेना एवं विनोद रजक का रहा।
केन्द्रीय राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कर्मचारियों में हिंदी लेखन एवं अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करना है। हिंदी माह–2026 के अंतर्गत आगे भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में 11 सितम्बर, 2026 को विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू पुस्तकालय परिसर में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।

Leave a Comment

Read More