शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ: दीप प्रज्वलन से हुई एक माह चलने वाले जनसेवा अभियान की शुरुआत
जनभागीदारी अध्यक्ष मनीषा मिश्रा रहीं मुख्य अतिथि; प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व-बोध और जनसेवा की भावना सुदृढ़ करने का दिया संदेश
सागर (17 सितंबर 2026)/पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ में सामाजिक उत्तरदायित्व, जनभागीदारी तथा समाज के प्रति सकारात्मक दायित्व-बोध की भावना को सुदृढ़ करना है।
अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलन समारोह के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्ट महाविद्यालय, सागर की जनभागीदारी अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मिश्रा उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा सागर संभाग के अतिरिक्त संचालक राम कुमार गोस्वामी, विशिष्ट कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. भावना यादव एवं सरस्वती वाचनालय के सचिव व वरिष्ठ साहित्यकार पं शुकदेव प्रसाद तिवारी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक सरोकार विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह अभियान विद्यार्थियों को समाज के अंतिम व्यक्ति से जोड़ने तथा रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने पूरे कॉलेज परिवार से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय योगदान का आह्वान किया।
समारोह के उपरांत महाविद्यालय स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों एवं रेड क्रॉस समिति के सदस्यों को माहभर चलने वाली विभिन्न जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों हेतु रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमर कुमार जैन, महाविद्यालय नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह सहित समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






