
सागर/इंदौर, 20 सितंबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर आगमन के दौरान सागर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने उनसे भेंट की।
महेश जाटव प्रतिनिधिमंडल के साथ राहुल गांधी से मिले और बंडा, जिला सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों की त्रासदी के संबंध में उन्हें विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सागर जिले सहित बुंदेलखंड अंचल की विभिन्न समस्याओं और क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे विषयों पर भी चर्चा हुई।
महेश जाटव ने राहुल गांधी को सागर आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों और स्थानीय परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराया तथा सागर दौरे का आग्रह किया।
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, राहुल गांधी से हुई इस मुलाकात को सागर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़े जन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






