कैंट क्षेत्र में जमीन के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-फावड़े से हमला; बुजुर्ग की आंख 95% डैमेज, छोटी बच्चियों को पीटा

SHARE:

कैंट थाना क्षेत्र के पुरानी सदर में जमीन के रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां एक ही परिवार के पांच लोगों पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में नरेंद्र मौर्य की हालत गंभीर है। उपचार के दौरान उनकी आंख 95 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त होने और सिर में 7 से 8 फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। उन्हें उचित उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। मामले में पीड़ित रोशन मौर्य के अनुसार, आरोपियों ने पहले से ही हमले की तैयारी कर रखी थी। वे लाठी-डंडे और फावड़े लेकर एकत्र हुए थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले सीसीटीवी कैमरा तोड़ा, फिर घर में घुसकर गौशाला को नुकसान पहुंचाया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज होने का दावा भी किया गया है जिसमें आरोपियों द्वारा झगड़ा किए जाने की तस्वीर सामने आई है।पीड़ित परिवार का कहना है कि विवाद उस जमीन को लेकर है, जो उनके दादा को लीज पर आवंटित हुई थी जिसका प्रमाण भी है और दूसरे पक्ष के लोगों के लिए पैदल आने-जाने का रास्ता दूसरी तरफ है, लेकिन वे पीड़ित परिवार की जमीन से चार पहिया वाहन निकालने का रास्ता मांग रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। घटना में घायल महेश्वरी मौर्य ने बताया कि करीब 15 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे। बीच-बचाव करने पर महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। उनकी बहू, बेटी और चार साल की बच्ची को भी अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। महिला का आरोप है कि बच्ची को उठाकर जमीन पर फेंक दिया गया था। इसके अलावा कमलेश मौर्य के हाथ-पैर में फ्रैक्चर है पीठ में गंभीर चोट आई है, जबकि महेश्वरी की दो उंगलियां टूट गई हैं और बहु सोनम मौर्य के हाथ और पीठ पर चोट आई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि यशवंत चढ़ार, निवेदन, विनय, छोटू, भानु, सूरज, दीपेश, राहुल शर्मा सहित 15 लोगों ने लाठी डंडो और फावड़े से मारपीट की। अब पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर जांच करने नहीं पहुंची। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें