णमोकार मंत्र की अनुगूंज में तपोवन में साकार हुआ सेवा-संकल्प
सिदगुवां (सागर)/04.10.2026;
सिदगुवां पहाड़ी स्थित श्री दिगम्बर जैन तपोवन भूमि जैन तीर्थ स्थल णमोकार मंत्र की पवित्र अनुगूंज और आध्यात्मिक भावों से आलोकित हो उठा। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के प्रयासों से सिदगुवां मुख्य मार्ग से तपोवन भूमि तक 26.89 लाख की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन संपन्न हुआ।
यह वही पावन तपोभूमि है, जहां जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान 1008 श्री पद्मप्रभु जी की 51 फीट ऊंची भव्य एवं दिव्य प्रतिमा विराजमान है। भगवान की पावन उपस्थिति में हुआ यह भूमिपूजन श्रद्धा और विकास के सुंदर संगम का साक्षी बना। सड़क निर्माण से दर्शनार्थियों एवं धर्मावलंबियों के लिए तीर्थ तक पहुंचना सुगम होगा।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि “जैन दर्शन अहिंसा, संयम, अपरिग्रह और आत्मशुद्धि का जीवन-दर्शन है। तपोवन जैसी पावन भूमि मनुष्य को अपने अंतर्मन की ओर लौटने की प्रेरणा देती है। इस तीर्थ तक श्रद्धालुओं का मार्ग सुगम करना मेरे लिए केवल विकास कार्य नहीं, आस्था के प्रति सम्मान और सेवा का भाव है।”
उन्होंने कहा कि “तपोवन में आयोजित पंच कल्याणक महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होकर मुझे सदैव आत्मिक अनुभूति हुई है। इस पावन स्थल के विकास का जो संकल्प लिया था, आज 26.89 लाख के इस मार्ग के भूमिपूजन के साथ वह संकल्प सिद्धि की दिशा में आगे बढ़ा है।”
विधायक लारिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व किसी एक समाज तक सीमित नहीं होता। सभी समाजों की आस्था, परंपरा और आवश्यकताओं का सम्मान करते हुए सबको साथ लेकर चलना ही जनसेवा का संस्कार है। सिदगुवां का तपोवन जैन समाज की आस्था के साथ क्षेत्र की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर भी है।
भूमिपूजन के दौरान “णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं…” की पवित्र ध्वनि से वातावरण भावविभोर हो उठा। समिति सदस्यों ने विधायक श्री लारिया का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के समापन पर सहभोज का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर समाजसेवी गुलझारीलाल जैन, डॉ. अशोक सिंघई, अशोक जैन पटवारी, सुरेंद्र जैन मालथौन, पवन जैन मेडीकल, सुखमल जैन, अनिल जैन नैनधरा, मनीष निर्माण जंक्शन, प्रसन्न जैन बंडा, संजय जैन कंट्रोल, पार्षद राजा रिछारिया, सरपंच रूद्र प्रताप सिंह, बाबूलाल रोहित, पिंटू ठाकुर, आलोक जैन बरायठा, डॉ. अमिताभ जैन, डॉ. अरुण सिंघई, संजीव जैन स्टेशनरी, प्रवीण जैन बंडा, बीके जैन, प्रेमचंद पटवारी, रचना मेडिकल, विमल जैन बिलानी, नीटू जैन बंडा सहित जैन समाज एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
तपोवन में केवल सड़क का भूमिपूजन नहीं हुआ—श्रद्धा तक पहुंचने वाले एक नए पथ का शुभारंभ हुआ। णमोकार मंत्र की अनुगूंज में सेवा-संकल्प ने सिद्ध किया कि जब विकास आस्था से जुड़ता है, तो निर्माण भी साधना का स्वरूप ले लेता है।







