सागर में 9 अक्टूबर को लगेगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं को मिलेंगे नौकरी के अवसर

SHARE:


नोडल कॉलेज में नामी कंपनियां लेंगी सीधे इंटरव्यू, ऑन-द-स्पॉट पंजीयन और चयन की भी रहेगी सुविधा


सागर। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में 9 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित यह रोजगार मेला महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
एक ही छत के नीचे रोजगार के कई अवसर
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने जिले एवं संभाग के युवाओं तथा छात्र-छात्राओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ सही समय पर रोजगार प्राप्त करना प्रत्येक विद्यार्थी का सपना होता है। रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार के विभिन्न विकल्पों से जोड़ना है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने रिज्यूम, शैक्षणिक अंकसूची, फोटो एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी सीधे इंटरव्यू
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. प्रतिभा जैन ने बताया कि रोजगार मेले में देश एवं प्रदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों तथा रोजगार प्रदाता संस्थाओं के प्रतिनिधि सीधे सहभागिता करेंगे।
मेले में युवाओं को तकनीकी, गैर-तकनीकी एवं प्रबंधकीय क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। कंपनियों द्वारा ऑन-द-स्पॉट पंजीयन, योग्यता की स्क्रीनिंग, काउंसलिंग एवं चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार और करियर निर्माण के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।
युवाओं के लिए करियर निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्या प्रो. सरोज गुप्ता के निर्देशन एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वय से आयोजित यह रोजगार मेला क्षेत्र के युवाओं के लिए करियर निर्माण का सशक्त माध्यम बनेगा।
रोजगार मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में डॉ. प्रतिभा जैन, प्रकोष्ठ के सदस्य, प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय परिवार सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने जिले एवं संभाग के अधिक से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों से इस रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें