भोपाल/05.10.2026;नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग से सौजन्य भेंट कर मकरोनिया में मल्टी जिम भवन सहित खेल सुविधाओं के विस्तार तथा कर्रापुर में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम निर्माण की मांग रखी।
विधायक लारिया ने कहा कि मकरोनिया और कर्रापुर क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती खेल गतिविधियों और स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना का विस्तार आवश्यक है। मकरोनिया में मल्टी जिम भवन के निर्माण से युवाओं को नियमित व्यायाम एवं प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, वहीं कर्रापुर में स्टेडियम बनने से विभिन्न खेलों के लिए एक बेहतर मंच तैयार होगा।
उन्होंने मंत्री सारंग के समक्ष इन मांगों को क्षेत्र के युवाओं के भविष्य, खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ा महत्वपूर्ण विकास प्रस्ताव बताते हुए आवश्यक स्वीकृति एवं कार्यवाही का आग्रह किया।
मंत्री विश्वास सारंग ने विधायक लारिया द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए इनके संबंध में आवश्यक पहल के संकेत दिए।







