25 वर्षों की सेवा से विकसित भारत के संकल्प तक पहुंचा देश : गोविंद सिंह राजपूत

SHARE:


विकसित भारत संकल्प सभा में मंत्री राजपूत ने किया संबोधित, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विशाल रैली के रूप में पहुंचे पीटीसी ग्राउंड
सेवा ज्योति यात्रा के दो रथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना
सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन एवं सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सागर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विशाल रैली के रूप में पीटीसी ग्राउंड पहुंचे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुना और देखा।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन केवल सत्ता में रहने की यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण, सुशासन और भारत के पुनर्निर्माण की निरंतर यात्रा है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज विकसित भारत-2047 के संकल्प तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के प्रत्येक चरण में राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा प्राप्त की है।
योजनाओं और सुशासन से बदली देश की तस्वीर
मंत्री राजपूत ने कहा कि पिछले वर्षों के भारत और आज के भारत की तुलना करने पर विकास में बड़ा बदलाव स्पष्ट दिखाई देता है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने में लंबा समय लगता था, लेकिन आज डिजिटल तकनीक, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और सुशासन के माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी कम हुई है।
उन्होंने कहा कि जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, यूपीआई, सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार जैसी योजनाओं ने आम नागरिक के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और गरीब एवं वंचित परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है।
गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा विकास के केंद्र में
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखा गया। गांव, किसान, गरीब, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों को पक्का मकान, शौचालय, गैस कनेक्शन, बैंक खाता, नल से जल और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध हो रही हैं। यही सुशासन की सोच है, जिसमें सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की सुविधाएं पहुंचाना है।
वैश्विक मंच पर मजबूत हुई भारत की पहचान
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका भी मजबूत हुई है। आज दुनिया भारत को केवल बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि आर्थिक, तकनीकी, डिजिटल और कूटनीतिक रूप से प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में देख रही है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था, स्टार्टअप एवं नवाचार, अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियां, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने भारत की नई पहचान बनाई है।
सुरखी विधानसभा में पहुंचेगी सेवा ज्योति यात्रा
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान दो सेवा ज्योति रथ कलश के साथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किए गए। दोनों रथ जैसीनगर और राहतगढ़ सहित सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन यह संदेश देता है कि स्पष्ट विजन, मजबूत इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संदेश को प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” आज देश के विकास की दिशा बन चुका है। भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
हजारों कार्यकर्ताओं ने देखा प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन
विकसित भारत संकल्प सभा में सुरखी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन पहुंचे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता विशाल रैली के रूप में पीटीसी ग्राउंड पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सामूहिक रूप से सुना एवं देखा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, रानी पटेल, पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र लोधी, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक नारायण कबीरपंथी, पूर्व महापौर सुधा जैन, यश अग्रवाल, जगन्नाथ गोरिया, अर्पित पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें