सागर में नशे के खिलाफ विद्यार्थियों ने भरी हुंकार, जागरूकता रैली निकाल दिया नशामुक्त समाज का संदेश

SHARE:

अग्रणी महाविद्यालय में आयोजन, एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

सागर। शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में नशा उन्मूलन और सामाजिक चेतना के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस रैली में एनसीसी कैडेट्स और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को नशामुक्त, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों से सुसज्जित बैनर, तख्तियां और नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर लोगों को नशे के विनाशकारी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, समृद्ध समाज” जैसे नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

युवा शक्ति को सही दिशा देना जरूरी: प्राचार्य

इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आती है, तो यह समाज और देश की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा दिखाने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उनमें सामाजिक दायित्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। नशा मुक्ति जागरूकता रैली इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना तथा समाज में नशामुक्त जीवनशैली का सकारात्मक संदेश प्रसारित करना रहा।

कार्यक्रम का सफल आयोजन संयोजक डॉ. जय नारायण यादव के मार्गदर्शन एवं डॉ. शिखा चौबे की सक्रिय सहभागिता में संपन्न हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने रैली में शामिल सभी विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स के उत्साह की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें