
नियमित योग आत्मसंयम, अनुशासन एवं दृढ़ इच्छाशक्ति विकसित करता है – योगाचार्य भगत सिंह
सागर। “युवाओं को योग, प्राणायाम, ध्यान और आत्म सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना आज की महती आवश्यकता है। जब हमारा युवा अनुशासित, नशामुक्त और आत्मनिर्भर बनेगा, तभी वह विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय और निर्णायक भूमिका निभा सकेगा।”
यह ओजस्वी विचार पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता ने व्यक्त किए। वे भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) निदेशालय के निर्देशानुसार महाविद्यालय में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत योग एवं आत्म सुरक्षा कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थीं।
प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता की गरिमामयी अध्यक्षता, मुख्य अतिथि भगत सिंह योगाचार्य (राज्य प्रभारी, पतंजलि योग समिति, म.प्र. पूर्व), विशेष अतिथि निकेश गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा) एवं जूडो-कराटे विशेषज्ञ अनिल तिवारी की विशिष्ट उपस्थिति में कार्यक्रम का गरिमापूर्ण शुभारंभ हुआ। अतिथियों ने माँ सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन का विधिवत आगाज़ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगाचार्य भगत सिंह ने एनसीसी कैडेट्स व छात्र-छात्राओं को योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग युवाओं में आत्मसंयम, अनुशासन एवं दृढ़ इच्छाशक्ति विकसित करता है, जिससे वे नशे जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहकर अपने जीवन के उच्च लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक देवेश पटेल ने उन्नत योगासनों का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसके पश्चात भगत सिंह योगाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को ‘नशामुक्त युवा, सुरक्षित युवा, विकसित भारत’ की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु संकल्प की शपथ दिलाई। विशेष अतिथि निकेश गुप्ता ने युवाओं को नशे की घातक लत के प्रति सचेत करते हुए अपनी संपूर्ण ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। वहीं आत्म सुरक्षा विशेषज्ञ अनिल तिवारी ने जूडो-कराटे की व्यावहारिक तकनीकों के सजीव प्रदर्शन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आपात स्थिति में आत्मरक्षा, सजगता और सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुण सिखाए।
कार्यक्रम का सफल व कुशल संचालन डॉ. अभिलाषा जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. अवधेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस गरिमामय आयोजन में वरिष्ठ साहित्यकार टीकाराम त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक, डॉ. प्रज्ञा दुबे, एनसीसी अधिकारी टी. पाटिल सहित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), एनसीसी के सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।







