बिलहरा के हरदौल मोहल्ले में सुरखी पुलिस की कार्रवाई, ₹4,980 नकद और 3 एंड्रॉयड मोबाइल सहित ₹29,980 का मशरूका जब्त
सागर। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सुरखी थाना क्षेत्र की बिलहरा चौकी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹4,980 नकद, 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ताश की एक गड्डी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत ₹29,980 बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात बिलहरा चौकी पुलिस कस्बे में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिलहरा के हरदौल मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 04 में कुछ लोग मोबाइल की फ्लैश लाइट की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते हुए पांच लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ₹4,980 नकद, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ताश की एक गड्डी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू पिता गोपाल पटेल निवासी वार्ड क्रमांक 04 बिलहरा, सुमत पिता कमलेश अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 05 बिलहरा, पवन पिता भैयाराम अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 04 बिलहरा, प्रेमकिशोर पिता परमानंद पटेल निवासी वार्ड क्रमांक 05 बिलहरा तथा पप्पू उर्फ पवन पिता गुड्डा अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 02 बिलहरा शामिल हैं।
दो दिन में सुरखी पुलिस की दूसरी कार्रवाई
सुरखी पुलिस ने जुआ फड़ के खिलाफ इससे पहले 18 अक्टूबर को भी कार्रवाई की थी। उस दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹29,300 नकद और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के जरिए पुलिस क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सुरखी थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया, बिलहरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रामअवतार धाकड़, प्रधान आरक्षक मनोज कुमार, आरक्षक रामसुन्दर जाट, आरक्षक देवेश कुशवाह और आरक्षक कर्मवीर गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भारत न्यूज़ 24 live.com | न्यूज़ स्पर्श भारत
हम केवल सच्चाई ही दिखते हैं।








