लंबित रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने और ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सागर। जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने तहसीलवार और अनुभागवार समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुभाग में पटवारीवार कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पटवारी के स्तर पर लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की जाए तथा रजिस्ट्री प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीईओ को सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) के माध्यम से रजिस्ट्री इनिशिएशन एवं ई-केवाईसी से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ योजना के लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।







