संभागायुक्त दिलीप कुमार ने केंद्रीय जेल सागर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

SHARE:

बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, कौशल विकास और रोजगार प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं देखीं

सागर, 23 अक्टूबर 2026।

संभागायुक्त दिलीप कुमार ने शुक्रवार को केंद्रीय जेल सागर का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता, कौशल विकास गतिविधियों और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सहकारिता उपायुक्त एवं सिविल सर्जन भी उपस्थित रहे।

बंदियों से चर्चा कर जानी समस्याएं

संभागायुक्त ने जेल में मुलाकात के लिए आए परिजनों और बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जेल अस्पताल एवं ओपीडी में उपस्थित बंदियों से उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महिला वार्ड में महिला बंदियों से चर्चा कर रोजगारमूलक प्रशिक्षण, अपील की स्थिति और उनके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था के बारे में पूछा।

अस्पताल वार्ड में भर्ती हृदय रोग और टीबी से पीड़ित बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्होंने उपचार व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की। बंदियों ने नियमानुसार उपचार मिलने की जानकारी दी।

भोजन की गुणवत्ता और जेल उद्योग का किया निरीक्षण

संभागायुक्त ने जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर प्रातःकालीन भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया और संतुष्टि व्यक्त की। जेल कारखाने में बंदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उन्हें मिलने वाले पारिश्रमिक और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने हथकरघा उद्योग तथा वृद्ध बंदियों के वार्डों का भी अवलोकन किया।

जेल के गोदाम में रखी सामग्री का स्वीकृत नमूनों से मिलान कर गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही निर्माणाधीन नवीन बैरकों और क्षतिग्रस्त हिस्से में बनाई जा रही बाहरी दीवार का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने जेल उद्योग की लेखा पंजियों, बंदियों की बैंक पासबुक और स्थापना शाखा में संधारित कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने जेल कैंटीन, गौशाला तथा ई-प्रिजन के विभिन्न मॉड्यूलों की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

उन्होंने जेल में जलापूर्ति, खुली जेल, गौशाला और बंदियों को रोजगारमूलक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं।

संपूर्ण निरीक्षण के बाद संभागायुक्त दिलीप कुमार ने जेल की व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि व्यक्त की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक रमेश चंद्र आर्य, उप अधीक्षक मनोज मिश्रा सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें