जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड से किया था हमला

SHARE:

मोतीनगर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक फरार; मुख्य आरोपी को न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल सागर भेजा गया

सागर, 23 अक्टूबर 2026।

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का मुख्य आरोपी सूरज आठिया जिला बदर होने के बावजूद क्षेत्र में रहकर घटना में शामिल था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद केंद्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में दाखिल कराया गया। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मंदिर दर्शन के लिए जाते समय किया हमला

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीपुरा निवासी मनोज यादव (48) ने 22 अक्टूबर को मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह गुलाब बाबा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गोला कुआं तिराहे के पास अशोक रजक की किराना दुकान के सामने सूरज आठिया, चंदन आठिया और नीलू अहिरवार ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

मनोज यादव ने जब गाली देने से मना किया, तो सूरज आठिया ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं, चंदन आठिया और नीलू अहिरवार ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। मौके पर मौजूद शिवा ठाकुर और राजेश ठाकुर ने बीच-बचाव किया। आरोपियों ने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

फरियादी की शिकायत पर मोतीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 109(1), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सूरज आठिया और नीलू उर्फ नीलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी चंदन आठिया फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

जिला बदर आदेश का भी किया उल्लंघन

पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी सूरज आठिया (23), निवासी पंतनगर वार्ड, सागर के विरुद्ध पहले से जिला बदर का आदेश पारित था। इसके बावजूद उसने आदेश का उल्लंघन करते हुए कथित रूप से घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे केंद्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

  1. सूरज आठिया (23), पिता नंदलाल आठिया, निवासी गुलाब बाबा के पास, पंतनगर वार्ड, सागर।
  2. नीलू उर्फ नीलेश अहिरवार (35), पिता रमेश अहिरवार, निवासी गुलाब बाबा के पास, पंतनगर वार्ड, सागर।

पुलिस टीम की रही भूमिका

कार्रवाई में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, सउनि सेल्वेस्टर पन्ना, प्रधान आरक्षक दीपक, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक सत्येंद्र और आरक्षक अनुराग की भूमिका रही।

लोकेशन – सागर

साभार – सागर पुलिस

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें