विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्रामीणों से किया संवाद, समस्याओं के निराकरण और निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
सागर, 23 अक्टूबर 2026।
जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेगा ड्राइव के तहत तहसील गढ़ाकोटा के हरदी गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया गया।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर के निर्देशानुसार 22 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने मेगा ड्राइव के अंतर्गत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा ने बताया कि मेगा ड्राइव के तहत 25 अगस्त 2026 से 22 अक्टूबर 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा गया है। इनमें संबल कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, सुकन्या योजना, ई-श्रम, दिव्यांग पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से लगभग 900 से अधिक ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
उन्होंने ग्रामीणों को मध्यस्थता योजना के लाभों की जानकारी देते हुए विवादों के समाधान में मध्यस्थता की प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में सिविल जज एवं तहसील विधिक सेवा समिति गढ़ाकोटा के अध्यक्ष अंबर श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने की सलाह दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त सचिव मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा बंसल, जिला रजिस्ट्रार प्रीतम बंसल, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भावलवी, तहसीलदार संगीता सिंह, पैरालीगल वॉलंटियर उमेश तिवारी, यूनिस खान, देवेंद्र कुर्मी, निर्मल कुर्मी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
लोकेशन–सागर।







