बच्चों की कम उपस्थिति पर कलेक्टर नाराज, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

SHARE:

बीना परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, पोषण आहार से लेकर बच्चों के वजन और लंबाई तक की जांच

सागर, 23 अक्टूबर 2026।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बीना परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र हिरनछिपा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, उपस्थिति रजिस्टर और पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज जानकारी का जायजा लिया। उन्होंने अपने समक्ष बच्चों का वजन और लंबाई मापने की प्रक्रिया भी कराई। साथ ही टेक होम राशन (THR) के स्टॉक और बच्चों की वृद्धि निगरानी से संबंधित रजिस्टर की जांच की।

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश

कलेक्टर ने केंद्र पर मौजूद बच्चों और महिलाओं से संवाद कर आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्म पका भोजन, टेक होम राशन, टीकाकरण और प्री-स्कूल शिक्षा की व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को वितरित किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी जांची और निर्देश दिए कि निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को समय पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

साफ-सफाई और नियमित गतिविधियों पर जोर

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर खुले और बंद हो। केंद्र में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ पेयजल, शौचालय और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित गतिविधियां आयोजित करने, खेलकूद को बढ़ावा देने और पोषण वाटिका का संचालन करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजें, ताकि उन्हें पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रारंभिक शिक्षा का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम बीना आशीष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास भरत सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें