भोपाल, 28.10.2026 नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर किसानों के हितों, सिंचाई परियोजना, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान कर संबंधित कार्यों पर शीघ्र कार्यवाही का अनुरोध किया।
विधायक लारिया ने रबी फसल के लिए किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल स्तर कम रहने की स्थिति को देखते हुए किसानों को अस्थायी विद्युत कनेक्शन पर सुविधा शुल्क में राहत देने के विषय पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने निर्माणाधीन कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन को सक्षम समिति से स्वीकृति दिलाकर शीघ्र क्रियान्वयन कराने का अनुरोध किया, जिससे परियोजना से लाभान्वित होने वाले गांवों में सिंचाई सुविधाओं को विस्तार मिल सके।
विधायक लारिया ने क्षेत्र में सड़क संपर्क एवं आवागमन सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न मार्गों के निर्माण, मजबूतीकरण एवं प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही का आग्रह किया। इनमें भापेल–जैसीनगर तिगड्डा से पाटन मार्ग तक 1 किमी सड़क निर्माण, खुरई मार्ग एनएच-14 से नगना ढोंगा–बरोदिया सड़क का मजबूतीकरण, मदनपुरा–खिरिया नीखर मार्ग पर 2 किमी सड़क निर्माण, मझगुवां अहीर में सीसी सड़क, ग्राम सुआतला से मसानझिरी की ओर सीसी सड़क, रिछावर–टीलाखेड़ी सड़क, मुहली से बड़कुआ– बहेरिया–बामोरा–पटकुई सड़क, मुख्य मार्ग पेट्रोल पंप–डुगांसरा सड़क तथा पुरानी सदर–जिंदा (सेमराबाग) सड़क शामिल हैं।
साथ ही सेमराहाट–बरोदिया गुसाईं सड़क मार्ग की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए स्थायी वित्तीय समिति से अनुमोदन कराने का अनुरोध किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विधायक लारिया ने जिला चिकित्सालय सागर को बीएमसी में मर्ज करने के स्थान पर शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सिविल अस्पताल) अथवा सागर के समीप उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।







