बाबा के वेश में घर पहुंचे थे आरोपी, चांदी की दो जोड़ी बिछिया और नकदी सहित ₹9,000 की संपत्ति बरामद
सागर। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मोतीनगर थाना पुलिस ने ग्राम अमेट में महिला को भूत-प्रेत का भय दिखाकर घर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़कर चोरी गई चांदी की बिछिया और नकदी सहित कुल ₹9,000 की संपत्ति बरामद की है।
आटा मांगने के बहाने घर पहुंचे, महिला को डराकर किया गुमराह
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को ग्राम अमेट निवासी मनीषा पटेल ने थाना मोतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो व्यक्ति बाबा के वेश में उसके घर पहुंचे और आटा मांगने लगे। बातचीत के दौरान दोनों ने महिला को उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर डराया और कथित उपाय के नाम पर उसे बहकाया।
इसी दौरान जब महिला नहाने चली गई, तो दोनों आरोपी घर से चांदी की दो जोड़ी बिछिया, आधार कार्ड और घर के खर्च के लिए रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब ₹10,000 बताई गई।
शिकायत के आधार पर मोतीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर तंत्र की मदद से 26 अक्टूबर को गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और विवेचना के आधार पर 26 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके बाद गवाहों के समक्ष चोरी गई चांदी की दो जोड़ी बिछिया और नकदी सहित कुल ₹9,000 की संपत्ति बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- चौबे पिता सलीम गुसाईं, उम्र 31 वर्ष।
- सोचेंद्र पिता संजीवन, उम्र 26 वर्ष।
दोनों आरोपी वार्ड नंबर 3/165, इंद्रानगर, उरई, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
मोतीनगर पुलिस की टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत राजपूत के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बृजेंद्र तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक मंजुलता, आरक्षक श्रीकांत चौबे और आरक्षक अंशुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अंधविश्वास के नाम पर घर में प्रवेश करने वालों से रहें सावधान
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भूत-प्रेत, चमत्कारी उपाय या अन्य अंधविश्वास का भय दिखाकर घर में प्रवेश करने वाले अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।
लोकेशन–सागर | भारत न्यूज़ 24 live.com







