किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं! केसली में हर्ष यादव की अगुवाई में हजारों किसान सड़को पर कांग्रेस का प्रदर्शन……

SHARE:


अल्पवर्षा से बर्बाद फसलों का मुआवजा, केसली को सूखाग्रस्त घोषित करने, पर्याप्त डीएपी खाद, निर्बाध बिजली और सिंचाई के लिए नहरों की मरम्मत की उठाई मांग

केसली। देवरी विधानसभा क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर गुरुवार को केसली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया गया। रानी दुर्गावती चौराहे पर सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद तहसील मुख्यालय पहुंचकर किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), केसली को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

केसली को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को मुआवजा देने की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि विकासखंड केसली में अल्पवर्षा के कारण खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फसलें नष्ट होने से किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कांग्रेस ने मांग की कि केसली विकासखंड को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किया जाए तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और शासन की राहत योजनाओं का लाभ दिया जाए।

डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान

पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि वर्तमान रबी सीजन में देवरी विधानसभा क्षेत्र के किसान डीएपी खाद की भारी कमी से जूझ रहे हैं। ऑनलाइन टोकन बुकिंग व्यवस्था सुचारू रूप से काम नहीं करने के कारण किसानों को खाद प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में लहसुन, प्याज, टमाटर सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का व्यापक रकबा है। समय पर खाद नहीं मिलने से बोनी और रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने क्षेत्र में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और टोकन व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

बिजली कटौती और खराब ट्रांसफार्मरों पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती होने और खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने से किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। रबी सीजन को देखते हुए निर्धारित समय पर पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग की गई।

नहरों की मरम्मत नहीं होने से सिंचाई प्रभावित

देवरी विधानसभा क्षेत्र के अनेक जलाशयों की नहरें क्षतिग्रस्त होने और उनकी समय पर साफ-सफाई एवं मरम्मत नहीं होने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया। कांग्रेस ने संबंधित विभागों को निर्देशित कर नहरों की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की, ताकि किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी पहुंच सके।

हर्ष यादव बोले—सरकार की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे किसान

पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के किसान एक साथ कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। अल्पवर्षा से फसलें प्रभावित हुई हैं, खाद के लिए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है और पर्याप्त बिजली व सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से कृषि कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार देवरी विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।

हर्ष यादव ने मांग की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग तत्काल आवश्यक कदम उठाएं, ताकि किसानों को समय पर खाद, बिजली और सिंचाई की सुविधा मिल सके तथा प्रभावित किसानों को उचित राहत एवं मुआवजा दिया जा सके।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान रहे उपस्थित

इस दौरान पूर्व मंत्री हर्ष यादव, ब्लॉक कांग्रेस जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वदेश जैन बी डी पटेल जगदीश यादव जतिन चौकसे अमित यादव अध्यक्ष शिवराज सिंह, देवरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष बाबा राजौरिया सहित उमेश खेहुरिया, मुन्ना सिंघई, रामदास पाठक, सुखदेव अरेले, हरिशंकर विश्वकर्मा, संदीप अरेले, राजेश शुक्ला, रफीक खान, जिन्नू जैन, दीपेश बड़कुल, राजकुमार खटीक, वीरेंद्र दांगी, सेव लोधी, सरमन लोधी, मनोहर लोधी, चंद्रभान दीवान, भभूत सिंह, हरप्रसाद आदिवासी, गोलू राजपूत, अशोक कुर्मी, सेवा कुर्मी, बहादुर घोषी, जयराम घोषी, राजेंद्र घोषी, निरंजन सिंह, नीलेश रिछारिया, मुकेश यादव, जानकी विश्वकर्मा, आशीष बुधौलिया, राजेश यादव, मुकेश सोनी, संजय जैन, कालूराम आदिवासी, रामबाबू जोलनपुर, देवेंद्र आदिवासी, राघवेंद्र आदिवासी, पल्टू यादव, अपित यादव, टेकसिंह लोधी, राजेश कुकवारा, रामचरण यादव, धर्मराज सिंह, अरविंद यादव, बद्री राय, गुलाब राय, लखन आदिवासी, सूरज आदिवासी, विश्राम आदिवासी, रामसेवक आदिवासी, नरेश जैन और रामबाबू यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें