कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर भड़के छात्र-छात्राएं, ABVP के नेतृत्व में कॉलेज गेट पर जोरदार प्रदर्शन

SHARE:

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने खोला मोर्चा, एसडीएम मुन्नवर खान ने दिया शीघ्र निराकरण का आश्वासन

एम .पी एक्सप्रेस समाचार पत्र ने विद्यार्थियों से की वन-टू-वन चर्चा

सागर जिले के देवरी स्थित शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की लंबित समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर दिखाई दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसडीएम मुन्नवर खान ने मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

परीक्षा परिणाम में देरी से विद्यार्थियों का भविष्य चिंतित

विद्यार्थियों ने बताया कि बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं बीए द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में माध्यम संबंधी त्रुटि का मामला भी सामने आया। विद्यार्थियों का कहना है कि उनका माध्यम हिंदी होने के बावजूद परीक्षा परिणाम में अंग्रेजी माध्यम अंकित किया जा रहा है। उन्होंने इस त्रुटि को तत्काल सुधारने की मांग की।

कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में बाइक स्टैंड के समीप छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए शौचालय एवं बाथरूम का निर्माण कराने की मांग रखी। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा बंद पड़ी अटेंडेंस मशीनों को दोबारा चालू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

गर्ल्स हॉस्टल शुरू कराने की मांग

प्रदर्शन में छात्राओं की सुविधा से जुड़ा गर्ल्स हॉस्टल का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। विद्यार्थियों ने लंबे समय से बंद पड़े गर्ल्स हॉस्टल को जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे दूरदराज से आने वाली छात्राओं को आवास संबंधी परेशानियों से राहत मिल सकेगी।

एम .पी एक्सप्रेस समाचार पत्र ने विद्यार्थियों से की वन-टू-वन चर्चा

महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान एम.पी एक्सप्रेस की टीम ने छात्र-छात्राओं से वन-टू-वन चर्चा की। विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और बताया कि आखिर किन परेशानियों के चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेगा।

अब आश्वासन नहीं, कार्रवाई का इंतजार

ज्ञापन सौंपने के दौरान एसडीएम मुन्नवर खान ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, अब विद्यार्थियों की नजरें प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

सवाल यह है कि क्या विद्यार्थियों को इस बार केवल आश्वासन मिलेगा या फिर कॉलेज की व्यवस्थाओं में वास्तव में सुधार देखने को मिलेगा? परीक्षा परिणाम, शौचालय, अटेंडेंस मशीन और गर्ल्स हॉस्टल जैसी मांगों पर होने वाली कार्रवाई ही प्रशासन के आश्वासन की वास्तविक परीक्षा होगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें