थाना खुरई शहर, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
दिनांक – 03/11/2026
घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण पर खुरई शहर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अवैध पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध सागर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा एवं किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों एवं पटाखों के भंडारण तथा विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी खुरई के मार्गदर्शन में थाना खुरई शहर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि खुरई शहर के घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना खुरई शहर पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश देकर जांच एवं कार्रवाई की। पुलिस द्वारा मौके से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री एवं विस्फोटक पदार्थ जब्त किए गए। इनमें सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, रॉकेट, अनारदाना, लड़ी सहित अन्य प्रकार के पटाखे शामिल हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2,77,209 रुपये (दो लाख सतहत्तर हजार दो सौ नौ रुपये) है।
आरोपी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज
अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले आरोपी *अभिषेक पिता स्वर्गीय कैलाश यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी चंद्रशेखर आजाद वार्ड, नगर पालिका के सामने, पठार, खुरई, जिला सागर के विरुद्ध थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 322/26, धारा 5(9) विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को सागर पुलिस की सख्त चेतावनी
घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति एवं सुरक्षा मानकों के पटाखों का भंडारण करना आम नागरिकों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। सागर पुलिस द्वारा ऐसे संवेदनशील मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार दबिश एवं जांच की जा रही है। अवैध पटाखों का भंडारण, निर्माण एवं विक्रय करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी खुरई शहर योगेंद्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, प्रधान आरक्षक बी.डी. शिवहरे तथा आरक्षक देवेंद्र यादव, धीरेन्द्र सिंह राजावत, प्रीतम शाक्य, आशीष दुबे एवं भानू गुर्जर का विशेष योगदान रहा।
सागर पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।







