ऋषिका सिंह ने द्वितीय और अच्युत पार्थ ने तृतीय स्थान हासिल किया, भोपाल में करेंगे सागर जिले का प्रतिनिधित्व
सागर। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 में सागर के तीन प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई है। प्रतियोगिता में अयान शेख ने प्रथम, ऋषिका सिंह ने द्वितीय और अच्युत पार्थ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों प्रतिभागी अब भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सागर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), सागर द्वारा 10 नवंबर को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के अभिमंच सभागार में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर से युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों, तार्किक क्षमता एवं नेतृत्व कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद लता वानखेड़े रहीं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे, श्याम तिवारी, जसवंत राठौर, कुलसचिव सतीश कुमार, सुमित यादव, एडवोकेट वीनू राणा, एनएसएस संगठक डॉ. आरसी प्रजापति सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मेरा युवा भारत, सागर के उपनिदेशक डॉ. रोहित यादव के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में हुआ।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था। प्रतिभागियों ने विषयगत ज्ञान, तार्किक प्रस्तुति, विचारों की स्पष्टता और अभिव्यक्ति कौशल के आधार पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। निर्णायक मंडल में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. राकेश सोनी, संजय शर्मा, अतीव विजय सिंह, रवि भट्ट एवं नीरज उपाध्याय शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन यूथ आइकॉन दमोह कृष्णा पटेल एवं नाजमीन ने किया। अंत में यूथ आइकॉन सागर आशुतोष पाठक ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में मेरा युवा भारत, सागर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों एवं अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। स्वयंसेवकों ने पंजीयन, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, भोजन एवं मंच संचालन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई।
इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और विकसित भारत @2047 के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
राज्य स्तर के लिए चयनित तीनों प्रतिभागियों को आयोजन समिति ने बधाई देते हुए भोपाल में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
लोकेशन–सागर।







