कम पानी में बेहतर उपज के लिए किसानों को उन्नत किस्में अपनाने की सलाह, कलेक्टर ने की अपील

SHARE:

जलाशयों में कम जलभराव के चलते जिला जल उपयोगिता समिति का निर्णय, उपलब्ध सिंचाई के अनुसार फसलों का चयन करने की दी सलाह

सागर, 11 नवंबर 2026।

सागर जिले में इस वर्ष अल्प वर्षा के चलते जलाशयों में सामान्य से कम जलभराव हुआ है। ऐसे में किसानों को उपलब्ध सिंचाई जल के अनुसार फसलों का चयन करने और कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों को अपनाने की सलाह दी गई है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में किसानों से जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की गई।

बैठक में विधायक बंडा वीरेन्द्र सिंह लम्बरदार, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं समिति सचिव अभिनव सिंह ने बताया कि कम वर्षा के कारण जिले के अधिकांश जलाशयों में इस वर्ष सामान्य से कम पानी उपलब्ध है। इस स्थिति को देखते हुए किसानों को कम सिंचाई वाली फसलों की बुवाई के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी को निर्देश दिए कि किसानों के बीच कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों और उनकी उन्नत किस्मों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।

चना, मसूर और सरसों के उन्नत बीज उपलब्ध

उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी ने किसानों से अपील की कि वे अपने विकासखंड में भंडारित चना, मसूर एवं सरसों की उन्नत किस्मों के बीज प्राप्त करने के लिए एमपी किसान एप पर पंजीयन कराएं। इसके बाद नियमानुसार विकासखंड कार्यालय के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से बीज प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि चना की उन्नत किस्मों में जे.जी. 36, जे.जी. 24, जे.जी. 12, आर.वी.जी. 202, आर.वी.जी. 203 एवं आर.वी.जी. 204 शामिल हैं। वहीं मसूर की एल. 4717, एल. 4729, आईपीएल 534, कोटा-3 एवं कोटा-4 किस्में उपलब्ध हैं।

सिंचाई के पानी के अनुसार गेहूं की किस्मों का चयन करें किसान

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार गेहूं की किस्मों का चयन करने की सलाह दी है।

  • एक से दो सिंचाई: सी-306, लोक-1, एचआई-1655 एवं एचआई-1636।
  • तीन सिंचाई: एचआई-1650 एवं एचआई-1544।
  • चार या अधिक सिंचाई: जीडब्ल्यू-322 एवं डीबीडब्ल्यू-303।

प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे बिना पानी की उपलब्धता का आकलन किए अधिक सिंचाई वाली फसलों का चयन न करें। वैज्ञानिक सलाह और उन्नत बीजों का उपयोग कर कम पानी में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें