मछरयाई क्षेत्र में घर के बाहर बिक्री की फिराक में खड़ा था आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सागर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय व्यक्ति को 800 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछरयाई क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पास रहने वाला सुरेश शाक्य अपने घर के बाहर सफेद रंग के थैले में गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेश पिता स्व. रामचरन शाक्य (65), निवासी शीतला माता मंदिर के पास, मछरयाई, सागर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना मोतीनगर में अपराध दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक पीडी ठाकुर, प्रधान आरक्षक दीपक, दिनेश एवं सुनील तथा आरक्षक दीपक यादव, बृजेश, अंचल, श्रीकांत, सत्येंद्र, राजीव, अनुराग एवं मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रहें। इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
स्रोत: थाना मोतीनगर पुलिस, सागर भारत न्यूज़ 24 live.com







