सिजई में 75 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

SHARE:

सामूहिक विवाह समय की आवश्यकता और समाज की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री ने 75 नवदंपतियों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा

गौशाला परिसर में प्रवचन हॉल निर्माण की घोषणा, प्राकृतिक खेती और गौपालन करने वाले किसानों को हर माह एक हजार रुपये देने की बात कही

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह समय की आवश्यकता और समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन सामाजिक भेदभाव मिटाने, आर्थिक बोझ कम करने और समाज में एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सिजई स्थित स्वामी परमानंद गोधाम गौशाला में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 75 नवदंपतियों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

21 नवंबर को अखण्ड परम धाम के तत्वावधान में ग्राम सिजई स्थित स्वामी परमानंद गोधाम गौशाला में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह महोत्सव में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जयमाला कार्यक्रम में सहभागिता की, नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने श्री श्री 108 स्वामी परमानंद गिरि महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान विष्णु के जागरण के साथ ही सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है।

सामूहिक विवाह सामाजिक भेदभाव मिटाने का सशक्त माध्यम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 75 बेटियों का सामूहिक विवाह समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से छुआछूत, जातिवाद और अमीर-गरीब के बीच की खाई समाप्त करने में मदद मिलती है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं भी अपने बेटे का विवाह सामूहिक विवाह समारोह में कराया है।

उन्होंने कहा कि समाज में बड़े पदों पर बैठे लोगों के आचरण को लोग देखते हैं। इसलिए हमें जो संदेश समाज को देना है, उसे अपने जीवन और व्यवहार में भी अपनाना चाहिए। सामूहिक विवाह केवल विवाह संपन्न कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने का अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्च और दिखावे पर रोक लगती है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार कर्ज के बोझ से बचते हैं तथा बची हुई राशि नवदंपतियों के भविष्य को संवारने में काम आती है। जब एक ही मंडप में सभी जाति और वर्ग के लोगों के विवाह होते हैं तो ऊंच-नीच की दीवारें कमजोर होती हैं और सामाजिक एकता मजबूत होती है। किसी बेटी के विवाह में जब पूरा समाज सहभागी बनता है, तो वह बेटी पूरे समाज की बेटी बन जाती है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बेटियों को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विवाह समारोहों में बढ़ता अनावश्यक खर्च और दिखावा गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक चिंता का विषय बन गया है। कई माता-पिता बेटियों के विवाह के लिए जीवनभर की जमा पूंजी खर्च कर देते हैं और कर्ज लेने के लिए मजबूर हो जाते हैं।

इसी समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जब सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी इस कार्य में सहयोग करती हैं तो यह प्रयास जनआंदोलन का रूप ले लेता है।

गौशालाओं के माध्यम से बढ़ाया जाएगा दुग्ध उत्पादन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौसेवा और गौपालन को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर निगम और नगर पालिका में गौशाला स्थापित की जानी चाहिए। इसके लिए आवश्यक खर्च राज्य सरकार वहन करेगी और पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य आगामी दो वर्षों में मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश में पहले स्थान पर पहुंचाना है। गौपालन और डेयरी व्यवसाय से जुड़ने वाले लोगों को सहकारिता एवं निजी क्षेत्र दोनों स्तरों पर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती करने और गाय पालने वाले किसानों को प्रतिमाह एक हजार रुपये देने की बात भी कही, ताकि घर-घर गाय पालने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का अभियान सफल हो सके।

गौशाला परिसर में प्रवचन हॉल निर्माण की घोषणा

अखण्ड परम धाम की ओर से स्वामी परमानंद गोधाम गौशाला परिसर में प्रवचन हॉल की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से गौशाला परिसर में हॉल निर्माण कराने की घोषणा की। इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रवचन, सत्संग और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण हुआ है। वर्ष 2022 में श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन की तस्वीर बदल गई है। राज्य सरकार भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के त्योहारों और परंपराओं में विशेष संदेश छिपा है। सरकार गोवर्धन जयंती और जन्माष्टमी जैसे पर्वों में सक्रिय भागीदारी कर रही है। गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालयों के कुलपति को अब कुलगुरु कहने का निर्णय भी लिया गया है।

संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

सामूहिक विवाह महोत्सव में महामंडलेश्वर आचार्य प्रवर युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज, साध्वी ऋतंभरा (दीदी मां), महामंडलेश्वर दिव्य चेतना, स्वामी सिद्धाश्रम महाराज, स्वामी ध्यानानंद महाराज, स्वामी चेतनानंद महाराज, स्वामी संपूर्णानंद महाराज, स्वामी दयानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि महाराज और महामंडलेश्वर वेदानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक ललिता यादव, विधायक अरविंद पटैरिया और चंद्रभान सिंह गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में गुरुभक्त, ग्रामीणजन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें