अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अधिकारों और सुरक्षा पर पुलिस कंट्रोल रूम में हुई समीक्षा, सागर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना

SHARE:

आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ने अधिकारियों के साथ की बैठक, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मानित

सागर। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम सागर में पुलिस एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण, सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रभारी पुलिस अधीक्षक (अजाक) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, जिले के समस्त थाना प्रभारी तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचने पर अधिकारियों ने आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समीक्षा बैठक में आयोग सदस्य ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय दिलाने, राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

आयोग सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने और शासन की निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

बैठक में पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने जिले में एससी-एसटी वर्ग से संबंधित मामलों में की जा रही कार्रवाई, कानून व्यवस्था और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की।

सागर पुलिस की कार्यप्रणाली से संतुष्ट दिखे आयोग सदस्य

समीक्षा बैठक के बाद बारेलाल अहिरवार ने सागर पुलिस की कार्यप्रणाली, अधिकारियों की सक्रियता और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के हितों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की संवेदनशीलता और प्रभावी कार्रवाई की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर आयोग सदस्य ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के प्रयासों को प्रोत्साहन देने वाला बताया।

बैठक को सामाजिक न्याय की स्थापना, वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा और शासन की योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।

सागर पुलिस ने समाज के प्रत्येक वर्ग की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

लोकेशन–सागर।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें